गोरखपुर शहर
गोरखपुर के रामगढ़ताल में बनेगा नया ई-ज़ोन, ई-कार्ट से लेकर डायरेक्ट चिड़ियाघर एंट्री तक मिलेंगी कई नई सुविधाएं
रामगढ़ताल का नया सवेरा फेज-1 और फेज-2 जल्द एक होगा। इसके बाद पूरा क्षेत्र ई-ज़ोन के रूप में विकसित होगा, जहां पर्यटकों को ई-कार्ट, बोटिंग, फूड कोर्ट और चिड़ियाघर में सीधे प्रवेश जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
गोरखपुर। रामगढ़ताल आने वाले पर्यटकों को जल्द ही एक नया अनुभव मिलने वाला है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) नया सवेरा फेज-1 और फेज-2 को जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दोनों हिस्सों के जुड़ने के बाद पूरा परिसर आधुनिक ई-ज़ोन के रूप में विकसित होगा, जहां पर्यटकों को ई-कार्ट, बोटिंग, फूड ट्रक, बैंबू रेस्टोरेंट और अन्य आधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। सबसे खास बात यह होगी कि पर्यटक नया सवेरा फेज-2 से सीधे गोरखपुर चिड़ियाघर में प्रवेश कर सकेंगे।
फेज-1 और फेज-2 जुड़ने से बदल जाएगी रामगढ़ताल की तस्वीर
GDA दोनों फेज को जोड़ने का कार्य लगभग पूरा कर चुका है। जल्द ही दोनों हिस्सों के बीच लगी बैरिकेडिंग हटाई जाएगी। इसके बाद करीब दो किलोमीटर लंबा पूरा क्षेत्र एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। पूरे परिसर को ई-ज़ोन बनाया जाएगा, जहां बुजुर्गों, बच्चों और परिवारों की सुविधा के लिए ई-कार्ट सेवा शुरू होगी। साथ ही साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी आधुनिक बनाया जाएगा।
बैंबू रेस्टोरेंट, फूड ट्रक और बोटिंग की नई सुविधाएं
नया सवेरा फेज-2 के सामने बैंबू रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। इसके अलावा पांच कियोस्क और फूड ट्रक भी लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को बेहतर खान-पान की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में प्लेटफॉर्म नंबर-1, 4, 5 और 6 से बोटिंग होती है, लेकिन दोनों फेज जुड़ने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-7, 8, 9 और 10 से भी बोटिंग शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही फ्लोटिंग जेटी और पैसेंजर बोट सेवा भी शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे लोग आरकेबीके, सहारा एस्टेट और नौकायन केंद्र तक जलमार्ग से पहुंच सकेंगे।
नया सवेरा से ही मिलेगी चिड़ियाघर की एंट्री
पर्यटकों को नया सवेरा फेज-2 से सीधे गोरखपुर चिड़ियाघर में प्रवेश देने की तैयारी भी अंतिम चरण में है। योजना के अनुसार यहीं से चिड़ियाघर का टिकट उपलब्ध होगा, जिससे पर्यटक एक ही स्थान पर घूमने, बोटिंग करने, खान-पान का आनंद लेने और चिड़ियाघर देखने का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। GDA जल्द ही पूरे परिसर के संचालन के लिए एजेंसी का चयन करेगा, जो ई-कार्ट, कियोस्क, फूड ट्रक, साफ-सफाई, टॉयलेट ब्लॉक और अन्य सुविधाओं का संचालन करेगी।
ये भी पढ़े:- Plastic Banknotes: भारत में जल्द आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, RBI कर रहा तैयारी; जानिए क्या होंगे फायदे
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि नया सवेरा फेज-1 और फेज-2 को जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पूरे क्षेत्र को ई-ज़ोन के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि पर्यटकों को एक ही स्थान पर आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
