अपना शहर
गोरखपुर में महिला ने बलि चढ़ाने के लिए आधी रात को 6 साल के बच्चे को चुराया, 5 घंटे में पुलिस ने बरामद किया:
गोरखपुर में तंत्र-मंत्र के चक्कर में 6 साल के बच्चे को चुराने का मामला सामने आया है। यहां के चौरीचौरा इलाके के शिवपुर बिंद टोलिया से गुरुवार देर रात महिला ने 6 साल के मासूम को चुरा लिया। पुलिस ने 5 घंटे के अंदर घेराबंदी कर महिला को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को बरामद भी कर लिया।
पुलिस के मुताबिक महिला ने बच्चे को तंत्र-मंत्र कर बलि चढ़ाने के लिए चुराया था। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने पुलिस टीम को 21 हजार रुपए इनाम देने का ऐलान किया है।

लोकेशन ट्रेस कर महिला का पीछा करती रही पुलिस
घटना चौरीचौरा इलाके के शिवपुर बिंद टोलिया का है। यहां बृजेश निषाद के 6 साल के बेटे प्रतीक को गुरुवार सुबह 3 बजे एक महिला चुराकर फरार हो गई। परिवार वालों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चौरीचौरा, झंगहा सहित कई थानों की फोर्स ने चेकिंग शुरू कर दी। सुबह 6 बजे महिला की लोकेशन गोरखपुर-देवरिया मार्ग के भोपा बाजार में मिली।
भोपा बाजार के सीसीटीवी कैमरे में महिला दिखी। एसएसपी डॉ. विपिन टांडा में बताया कि शुरुआती पूछताछ में तंत्र विद्या की बात सामने आई है। जल्दी ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गोरखपुर पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
महिला भोपा बाजार चौराहे के पीछे खेत के रास्ते बच्चे को लेकर पेट्रोल पंप तक पहुंची और ऑटो से कहीं निकल गई। महिला बच्चे को लेकर खोराबार तक गई। इस बीच पुलिस ने महिला को सुबह 7.30 बजे एक झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
महिला का मायका मासूम के घर के बगल में है | महिला की पहचान सविता निषाद पत्नी श्रीराम निषाद निवासी करजहां, खोराबार के रुप में हुई है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका मायका चौरीचौरा इलाके के शिवपुर बिनटोलिया में है। वह गांव के ही राम प्यारे निषाद की बेटी है। जिसका घर अपहरण हुए मासूम के घर के बगल में है। उसका संबंध एक तांत्रिक से है। जिसके कहने पर उसने बच्चा चोरी किया था, वो तांत्रिक के साथ मिलकर तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे की बलि चढ़ाना चाहते थे। पुलिस तांत्रिक की तलाश कर रही है।
