उत्तर प्रदेश
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे: बहादुरपुर में बनेगा औद्योगिक क्लस्टर, 153 एकड़ जमीन का अधिग्रहण जारी
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे खजनी तहसील के बहादुरपुर बुजुर्ग और बहादुरपुर खुर्द गांव में जल्द ही एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) इसे पीपीपी मोड पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक क्लस्टर (IMLC) के रूप में बनाएगा।
इस परियोजना के लिए कुल 153 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है, जिसमें से अब तक 127 एकड़ जमीन यूपीडा के कब्जे में आ चुकी है। इस क्लस्टर में उद्यमियों को करीब 6,000 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से जमीन आवंटित की जाएगी। यूपीडा ने इसके लिए डेवलपर्स की तलाश शुरू कर दी है।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे एक ओर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और दूसरी ओर मुजफ्फरपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे से जुड़ा है। यह औद्योगिक क्लस्टर गोरखपुर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ और आंबेडकरनगर के अति पिछड़े इलाकों को विकास की नई दिशा देगा। इस क्षेत्र में बारिश के समय पानी भरने की समस्या रही है, लेकिन एक्सप्रेसवे और औद्योगिक निवेश से अब रोजगार और आवागमन के नए अवसर मिलेंगे।
लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे यूपीडा दो औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रहा है—एक गोरखपुर जिले के बहादुरपुर में और दूसरा आंबेडकरनगर में। बहादुरपुर का क्लस्टर धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र से लगभग 30 किमी और आंबेडकरनगर के प्रस्तावित क्लस्टर से लगभग 40 किमी की दूरी पर होगा।
गीडा पहले से ही एक्सप्रेसवे किनारे कई सेक्टर विकसित कर चुका है, जिनमें सेक्टर 27 और 28 शामिल हैं। यहां पेप्सिको का प्लांट चालू हो चुका है और कोका-कोला को जमीन आवंटित की जा चुकी है। भगवानपुर के पास प्लास्टिक पार्क और धुरियापार में ग्रेटर गीडा भी औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
यूपीडा के प्रोजेक्ट मैनेजर पीपी वर्मा ने बताया,
“लिंक एक्सप्रेसवे किनारे दो जगह औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाना है। जमीन अधिग्रहण की जिम्मेदारी राजस्व विभाग के पास है। इन क्षेत्रों को पीपीपी मोड पर विकसित किया जाएगा, जिससे अति पिछड़े इलाकों में रोजगार और विकास के अवसर बढ़ेंगे।”
#Gorakhpur #LinkExpressway #YamunaExpresswayAuthority #IndustrialCluster #Bahadurpur #UPIDA #GIIDA #Khajani #Rojgar,#गोरखपुर, #गोरखपुर_समाचार #gkpnews #gorakhpurnews #uttarpradeshnews #breakingnews #localnews
