गोरखपुर ग्रामीण
उरुवा थाना नाबालिग अपहरण मामला: तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
गोरखपुर के उरुवा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है — जहां पुलिस ने मानव तस्करी, अपहरण और बाल श्रम के गंभीर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पूरा मामला उरुवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को शिकायतकर्ता ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनके घर में रहने वाली महिला की नाबालिग बेटी सुबह 9 बजे पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्ची पिछले एक सप्ताह से स्कूल नहीं जा रही थी। जैसे ही ये बात सामने आई, उरुवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीओ और थाना प्रभारी श्यामदेव चौधरी अपनी टीम के साथ गांव में लगातार खोजबीन करते रहे।
बुधवार को बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। स्क्वाड डॉग टीम को भी तलाश में लगाया गया, लेकिन लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
हालांकि, बुधवार शाम को पुलिस को राहत मिली जब बच्ची घर की छत से ही बरामद हो गई। बच्ची को सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ की गई।
इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को उरुवा पुलिस ने गोपलापुर क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोपलापुर निवासी हर्ष चंद पुत्र सत्यवान चंद और ज्ञानेंद्र अंगद चंद पुत्र अंगद चंद के रूप में हुई है।
उरुवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी नाबालिग से मानव तस्करी, अपहरण और बाल श्रम जैसे कार्य करवा रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस, धारा 143(4) बीएनएस, धारा 16 बंधुआ मजदूरी अधिनियम और धारा 14 बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
उरुवाथाना, #नाबालिगअपहरणमामला, #गोरखपुरपुलिस, #मानवतस्करीकेस, #बालश्रममामला, #PurvanchalBharatNews, #GorakhpurNews, #BreakingNews, #PoliceAction, #UruwaThanaNews
