उत्तर प्रदेश
दावे स्वच्छता के, बारिश में गोरखपुर बेहाल: नाले ओवरफ्लो, नगर निगम की खुली पोल
गोरखपुर, 28 जुलाई 2025
गोरखपुर में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है । शहर में हुई लगातार बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी और सफाई व्यवस्था की कलई खोल दी है। रविवार रात से शुरू हुई बारिश ने राप्तीनगर फेज एक, फेज चार, चंद्रगुप्त नगर, डॉक्टर कॉलोनी, सिविल लाइन्स स्कूल रोड, विजय चौराहा और जिला अस्पताल के पास जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी।
नाले-नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से इस समस्या के समाधान के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हर बार बारिश आते ही तस्वीर वही पुरानी हो जाती है।
प्रशासन हरकत में:
बारिश के बीच ही नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल मौके पर पहुंचे और कई जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि “जलभराव की समस्या को लेकर पूरी निगरानी की जा रही है, जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।”
मेयर ने दी सफाई, जनता ने किया विरोध:
नगर निगम के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि “जहां-जहां विकास कार्य हुए हैं, वहां पानी ज्यादा देर नहीं ठहरा। संभव है कुछ क्षेत्रों में दिक्कत हुई हो, लेकिन व्यवस्था पहले से बेहतर है।” हालांकि स्थानीय निवासियों ने इस दावे को खारिज किया और कहा कि “वास्तविकता जमीन पर साफ दिख रही है, दावे कागज़ों तक सीमित हैं।”
गोरखपुर में जलभराव से जनजीवन बेहाल: बारिश ने खोली नगर निगम के दावों की पोल
नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से नालों की सफाई और जलनिकासी को लेकर किए गए दावे इस पहली ही बड़ी बारिश में फेल साबित हुए। अगर नगर निगम समय रहते पुख्ता इंतज़ाम नहीं करता, तो आने वाले दिनों में यही जलभराव स्वास्थ्य संकट और दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
गोरखपुर #जलभराव #बारिश #नगरनिगम #राप्तीनगर #साफसफाई #सिविकइन्फ्रास्ट्रक्चर #गोरखपुरसमाचार #नगरआयुक्त #मेयरगोरखपुर
