अपराध
विधानसभा के सामने परिवार के पांच लोगों ने की आत्मदाह की कोशिश
प्रदेश की राजधानी के बीचों-बीच हजरतगंज स्थित लोकभवन और विधानसभा के सामने शुक्रवार को एक ही परिवार के पांच लोगों ने एक साथ आत्मदाह करने की कोशिश की, हालांकि राजधानी की पुलिस ने समय रहते उन्हें हिरासत में ले लिया और स्थिति को संभाला।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) सोमेन बर्मा ने बताया कि हरदोई के धन्नूपुरवा के रहने वाले परिवार ने शुक्रवार को आत्मदाह का प्रयास किया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने एक व्यक्ति को खुद पर तेल डालता देखते ही उसे पकड़ लिया और अन्य को भी रोक दिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरदोई के धन्नूपुरवा के निवासी राजाराम, उमेश यादव, वीरू यादव, उषा देवी, माया लोक भवन पहुंचे। यह सब एक ही परिवार के सदस्य हैं। इसमें से राजाराम ने तेल उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय पर उन्हें रोक लिया। राजाराम का आरोप है कि वह जिस मकान में रहते हैं, उस पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। इस संबंध में हरदोई के शहर कोतवाली की पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
