गोरखपुर ग्रामीण
15 नवंबर के बाद जर्जर सड़कों से मिलेगी राहत, मंडल की 9482 सड़कों को किया जाएगा गड्ढा मुक्त
गोरखपुर।
15 नवंबर के बाद मंडल में रहनेवाले लोगों को जर्जर सड़कों से राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग इसके लिए 15 सितंबर से गड्ढा मुक्ति अभियान चलाएगा जिसमें मंडल की 9482 सड़कों को गड्ढामुक्त करते हुए उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। यह अभियान 15 नवंबर तक चलेगा जिसमें कई स्थानों पर नई सड़कें भी बनाई जाएंगी।
शासन से मिल गया है धन
मंडलभर की 9482 सड़कों की लंबाई 19306 किलोमीटर है। इनमें से बाढ़, बरसात व अन्य कारणों से जो भी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं उनमें कुछ का पैचवर्क और कुछ का नवीनीकरण किया जाएगा। जहां जरूरत होगी वहां नई सड़क भी बनेगी। शुक्रवार को प्रमुख अभियंता (लोक निर्माण) ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य अभियंता बीबी श्रीवास्तव से मंडल की सड़कों के संबंध में बातचीत की। उन्हें बताया गया कि 4951 किलोमीटर सड़कों पर पैच मरम्मत का कार्य किया जाएगा। 1611 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण व विशेष मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। हर जिले के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह है फिलहाल स्थिति
शासन को जो रिपोर्ट भेजी गई है उनमें अलग-अलग जिलों के सड़कों के पैच मरम्मत व नवीनीकरण का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसमें सर्वाधिक सड़कें गोरखपुर की हैं। गोरखपुर में कुल सड़कों की संख्या 2988 है। इनमें से 1520.90 किमी सड़क को गड्ढामुक्त किया जाएगा जबकि 625 किमी सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा।
महराजगंज जनपद में 1399 सड़कें हैं। उनकी लंबाई 3366 किलोमीटर है। उनमें से 925 किलोमीटर लंबाई में सड़क को गढ्ढामुक्त किया जाएगा जबकि 167 किमी सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
कुशीनगर जिले में 2582 सड़कें हैं। उनकी कुल लंबाई 5261 किलोमीटर है ।उनमें से 1213 किमी सड़कों पर पैच मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जबकि 422 किमी सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
देवरिया जिले में कुल 2513 सड़कें हैं। उनकी लंबाई 4324 किमी है। उसमें से 1290 कि मी में पैच मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जबकि 396 किलो मीटर में नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा।
लोनिवि मुख्य अभियंता बीबी श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की तरफ से सड़कों के गढ्ढामुक्ति का अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसकी शुरुआत 15 सितंबर से होगी जो 15 नवंबर तक चलेगी। इस बीच पैच मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार काम को समय से निपटाया जाएगा।
